ग्रेटर नोएडा: नेशनल हाईवे पर आपातकालीन सेवाओं की पोल खोलने वाला एक मामला सामने आया है। अजमेर से जयपुर लौट रहा ग्रेटर नोएडा वेस्ट का एक परिवार रविवार (15 नवंबर) को नेशनल हाईवे-8 (NH-8) पर गाड़ी खराब होने के कारण करीब 10 घंटे तक फंसा रहा। इस दौरान परिवार के साथ 2 और 11 साल के दो मासूम बच्चे भी थे, जिन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

दो घंटे का सफर बना मुसीबत
जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार रविवार दोपहर करीब 1 बजे अजमेर से जयपुर के लिए रवाना हुआ था। करीब दो से ढाई घंटे का यह सफर उस समय मुसीबत में बदल गया, जब दोपहर 3 बजे NH-8 पर उनकी कार में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। कार बार-बार बंद हो रही थी और कुछ दूर चलने के बाद फिर रुक जाती थी। तीन बार लगातार गाड़ी बंद होने के बाद परिवार बीच हाईवे पर फंस गया।
हेल्पलाइन और अधिकारियों से संपर्क रहा बेअसर
दोपहर 3 से 4 बजे तक खुद कोशिश करने के बाद परिवार ने NHAI की इमरजेंसी हेल्पलाइन 1033 पर लगातार फोन किए। मदद न मिलने पर उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो भी साझा किया और जनसंपर्क (PR) अधिकारियों से भी संपर्क साधा। अधिकारियों ने समन्वय की कोशिश जरूर की, लेकिन जमीनी स्तर पर परिवार को कोई ठोस राहत नहीं मिल सकी।

लोकल मैकेनिक भी हुए नाकाम
परिवार ने गूगल की मदद से स्थानीय मैकेनिकों को मौके पर बुलाया। मैकेनिकों ने गाड़ी स्टार्ट करने की कई बार कोशिश की, लेकिन हर बार कार एक-दो मिनट चलकर फिर बंद हो जाती थी। आखिरकार गाड़ी ने पूरी तरह स्टार्ट होना बंद कर दिया, जिससे साफ हो गया कि इसे वर्कशॉप ले जाना जरूरी है।
NHAI के जवाब पर उठे सवाल
परिवार का आरोप है कि जब उन्होंने NHAI से टो क्रेन की मदद मांगी, तो अधिकारियों और ‘राजमार्ग यात्रा ऐप’ की ओर से जवाब मिला कि उनकी क्रेन सिर्फ गाड़ी को मुख्य सड़क से हटाकर किनारे कर सकती है, वर्कशॉप तक नहीं ले जा सकती। मजबूरन परिवार को निजी टो क्रेन बुक करनी पड़ी, जिसके इंतजार में रात हो गई।
पीड़ित परिवार ने हाईवे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्होंने मुफ्त मरम्मत नहीं मांगी थी, बल्कि छोटे बच्चों के साथ फंसे होने पर केवल आपातकालीन सहायता और सुरक्षित आगे बढ़ने की व्यवस्था की उम्मीद की थी।







