ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के नवनियुक्त मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) डॉ. बलकार सिंह ने बुधवार को अपना पदभार ग्रहण कर लिया। 2004 बैच के आईएएस अधिकारी और पूर्व में यूपीसीडा (UPSIDA) के सीईओ रहे डॉ. सिंह ने कार्यभार संभालते ही अधिकारियों के साथ पहली समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि किसानों की समस्याओं का समाधान, विकास कार्यों की गुणवत्ता और शहर की स्वच्छता उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।किसानों और आवंटियों की सुनवाई पर जोरसीईओ ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया किसानों की आपसी सहमति और उनकी जायज मांगों को पूरा करते हुए ही आगे बढ़ाई जाए। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि प्राधिकरण दफ्तर आने वाले हर किसान और आवंटी की बात सम्मानपूर्वक सुनी जाए और तय समय सीमा के भीतर उनकी शिकायतों का निस्तारण किया जाए।

निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रदूषण नियंत्रणविकास परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए डॉ. बलकार सिंह ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता न करने की हिदायत दी। उन्होंने परियोजना विभाग को नियमित निगरानी करने के साथ-साथ किसी प्रतिष्ठित बाहरी एजेंसी से भी गुणवत्ता की जांच कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा, शहर में प्रदूषण कम करने के लिए सड़कों के किनारे और सेंट्रल वर्ज पर घास लगाने तथा सिंचाई व निर्माण कार्यों में भूजल के बजाय एसटीपी (STP) से शोधित पानी के इस्तेमाल पर जोर दिया।

निवेशकों के लिए सिंगल विंडो सिस्टमऔद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने के लिए सीईओ ने एक प्रभावी ‘सिंगल विंडो सिस्टम’ विकसित करने को कहा है, ताकि निवेशकों को बेहतर माहौल मिल सके। साथ ही, आवासीय सेक्टरों में लंबे समय से खाली पड़े भूखंडों के आवंटियों को चिह्नित कर उन्हें निर्माण कार्य शुरू करने के लिए प्रेरित करने के निर्देश नियोजन विभाग को दिए गए हैं।इस महत्वपूर्ण बैठक में एसीईओ प्रेरणा सिंह, सुमित यादव, नुपुर गोयल, जीएम वित्त स्वतंत्र गुप्ता, महाप्रबंधक परियोजना एके सिंह और ओएसडी अभिषेक पाठक सहित प्राधिकरण के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।







