ग्रेटर नोएडा: एशिया का पहला और सबसे बड़ा वैश्विक भक्ति महोत्सव ‘ग्लोबल भक्ति फेस्ट 2026’ आगामी 13 से 15 दिसंबर 2026 तक ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित होने जा रहा है। इंडिया एक्सपोजिशन मार्ट लिमिटेड (आईईएमएल) द्वारा आयोजित इस तीन दिवसीय भव्य महोत्सव में देश के 13 अखाड़ों, 12 ज्योतिर्लिंगों और चार धामों के आध्यात्मिक प्रतिनिधियों का महासंगम देखने को मिलेगा। साथ ही, युवा पीढ़ी को आकर्षित करने के लिए लाइव कॉन्सर्ट के साथ ‘भजन क्लबिंग’ का अनूठा अनुभव भी आकर्षण का केंद्र रहेगा।
केंद्रीय मंत्रियों और संतों की रहेगी गरिमामयी उपस्थिति
महोत्सव का उद्घाटन 13 दिसंबर को शाम 5 बजे केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह करेंगे। इसके अगले दिन 14 दिसंबर को केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस आयोजन में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्रियों के साथ-साथ देश के विख्यात संत, आध्यात्मिक गुरु, विद्वान और विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियां शिरकत करेंगी।

महोत्सव के तीन मुख्य आकर्षण
10,000 वर्गमीटर से अधिक क्षेत्र में फैले इस महोत्सव में 100 से अधिक प्रदर्शक ब्रांड्स, 20,000 से अधिक खरीदार और प्रतिदिन 10,000 से ज्यादा संगीत प्रेमियों के जुटने की उम्मीद है। पूरे आयोजन को तीन विशेष हिस्सों में बांटा गया है,
- जीबीएफ एक्सपो (भक्ति बाजार): यहाँ आगंतुकों को शुद्ध पूजा सामग्री, धार्मिक ग्रंथ, देवी-देवताओं की प्रतिमाएं, धार्मिक कलाकृतियां और मंदिरों से जुड़े उत्पाद देखने और खरीदने का अवसर मिलेगा।
- जीबीएफ कॉन्फ्लुएंस (भक्ति कॉन्क्लेव): इस मंच पर पूजनीय संतों, साध्वियों, नीति निर्माताओं, विद्वानों और स्वास्थ्य एवं कल्याण विशेषज्ञों के बीच आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विषयों पर सार्थक संवाद होगा,
- जीबीएफ कॉन्सर्ट (भजन क्लबिंग): संगीत प्रेमियों के लिए यह एक अनूठा अनुभव होगा, जिसमें देश के ख्यातिप्राप्त कलाकार भजन, कीर्तन, मंत्रोच्चार, शास्त्रीय और सूफी संगीत के साथ-साथ फ्यूजन व समकालीन भक्ति संगीत की प्रस्तुति देंगे,
एक्सपोजिशन मार्ट लिमिटेड के चेयरमैन डॉ. राकेश कुमार ने कहा कि इस महोत्सव का मूल उद्देश्य युवा भारत को अपनी सभ्यतागत ज्ञान परंपरा से जोड़ना और अध्यात्म को दैनिक जीवन का एक रोचक हिस्सा बनाना है।

पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी के वरिष्ठ महामंडलेश्वर स्वामी प्रेमानंद पुरी महाराज ने कहा कि इंडिया एक्सपो सेंटर एक तीर्थ बनने जा रहा है, जहाँ कुंभ जैसे दुर्लभ संतों के दर्शन सहजता से हो सकेंगे। वहीं, भारतीय सर्व धर्म संसद के राष्ट्रीय संयोजक गोस्वामी सुशील महाराज ने इसे ग्रेटर नोएडा की धरती पर आध्यात्मिक इतिहास का एक नया अध्याय बताया।
महोत्सव के सह-संस्थापक बरुण गुप्ता (सीईओ, इंडेवा होटल्स) ने इसे विश्व को शांति का संदेश देने वाला मंच बताया, जबकि दूसरे सह-संस्थापक सिद्धांत भाटिया (निदेशक, सोलट्रैक्स प्रोडक्शंस) ने महोत्सव के मूल विज़न ‘ध्यानं, ज्ञानं, विज्ञानं एवं प्रज्ञानं’ को जन-जन तक पहुँचाने की अपील की। इस मीडिया संवाद में आध्यात्मिक चिंतक योगी प्रियव्रत अनीमेश और उज्जैन की कलाकार फाल्गुनी अग्रवाल भी मौजूद रहीं।







