फर्जी वोट और आरक्षण विवाद पर सपा का हमला, भाजपा सरकार को घेरा

ग्रेटर नोएडा । समाजवादी पार्टी ने गौतमबुद्ध नगर की मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर फर्जी और डुप्लीकेट वोट होने का आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग और भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। शनिवार को सेक्टर अल्फा-1 स्थित ग्रेटर नोएडा जर्नलिस्ट प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में पार्टी नेताओं ने दावा किया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के बाद भी जिले की मतदाता सूची में हजारों की संख्या में अनियमितताएं मौजूद हैं।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए सपा जिलाध्यक्ष सुधीर भाटी ने कहा कि मतदाता सूची के सत्यापन के दौरान दादरी विधानसभा क्षेत्र में 20 हजार से अधिक, जेवर विधानसभा क्षेत्र में 10 हजार से अधिक तथा नोएडा विधानसभा क्षेत्र में भी बड़ी संख्या में फर्जी एवं डुप्लीकेट वोट चिन्हित किए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई मामलों में एक ही नाम, एक ही पते और एक ही पिता के नाम पर एक से अधिक वोट दर्ज हैं, जो चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए SIR अभियान चलाया था, लेकिन अभियान पूरा होने के बाद भी यदि इस प्रकार की विसंगतियां सामने आ रही हैं तो इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। सपा नेताओं का कहना है कि मतदाता सूची में मौजूद इन गड़बड़ियों से लोकतांत्रिक प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।

सुधीर भाटी ने आरोप लगाया कि लोकसभा चुनाव में विपक्ष के मजबूत प्रदर्शन के बाद भाजपा आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर चिंतित है। इसी कारण मतदाता सूची में छेड़छाड़ कर विपक्षी मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने ऐसे मामलों से जुड़े दस्तावेज एकत्र किए हैं और जल्द ही जिला निर्वाचन अधिकारी तथा चुनाव आयोग को विस्तृत शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग करेगी।

69e1170d-a9a3-4a21-9f5a-dff8ab221eeb

उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि शिकायत के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो समाजवादी पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक जनआंदोलन शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष चुनाव लोकतंत्र की आधारशिला है और इसमें किसी भी प्रकार की अनियमितता स्वीकार नहीं की जा सकती।

प्रेस वार्ता में सपा नेताओं ने भाजपा सरकार पर आरक्षण व्यवस्था की अनदेखी करने का आरोप भी लगाया। सुधीर भाटी ने कहा कि विभिन्न सरकारी भर्तियों में आरक्षित वर्गों को उनका निर्धारित अधिकार नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने विशेष रूप से 69 हजार शिक्षक भर्ती, लेखपाल भर्ती, ग्राम पंचायत अधिकारी भर्ती, कृषि प्राविधिक सहायक भर्ती, वन एवं वन्यजीव रक्षक भर्ती, प्रवर्तन कांस्टेबल भर्ती, पशु चिकित्सक भर्ती और चिकित्सा अधिकारी भर्ती का उल्लेख करते हुए आरक्षण नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाया।

सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों से पिछड़े, दलित और आदिवासी वर्ग के युवाओं में असंतोष बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरक्षण व्यवस्था को कमजोर कर सामाजिक न्याय की भावना को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।

राजकुमार भाटी ने कहा कि चुनाव आयोग और सरकार को मतदाता सूची में सामने आई अनियमितताओं तथा आरक्षण से जुड़े आरोपों की निष्पक्ष जांच करानी चाहिए ताकि जनता का विश्वास लोकतांत्रिक संस्थाओं में बना रहे।

प्रेस वार्ता में फकीरचंद नागर, परमेंद्र भाटी एडवोकेट, विनोद लोहिया, नरेंद्र नागर, सुधीर तोमर, विक्रम टाइगर, डॉ. शशि यादव, अकबर खान, रामशरण नागर एडवोकेट, सुरेंद्र नागर, दीपक देवटा, विकास जतन भाटी, सुनील भाटी बदौली, देवेंद्र टाइगर एडवोकेट, अमन नागर, लाल सिंह गौतम, अनूप तिवारी, सीपी सोलंकी, देवेंद्र भाटी, विपिन कसाना, सुरेंद्र भाटी, अनिल नागर, अंजली श्रीवास्तव और भरत नागर सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)

इसे भी पढे ----

वोट जरूर करें

क्या आपको लगता है कि बॉलीवुड ड्रग्स केस में और भी कई बड़े सितारों के नाम सामने आएंगे?

View Results

Loading ... Loading ...

आज का राशिफल देखें