ग्रेटर नोएडा। जिला कांग्रेस कमेटी गौतमबुद्ध नगर की ओर से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर ग्रेटर नोएडा वेस्ट (बिसरख) स्थित जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दोनों महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी गौतमबुद्ध नगर के अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री का जीवन देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और सादगी के माध्यम से स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी और मानवता एवं शांति का संदेश पूरी दुनिया तक पहुंचाया।

उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री ने अपने सादगीपूर्ण जीवन, ईमानदारी और कर्मठता से सार्वजनिक जीवन में आदर्श स्थापित किया। उनका दिया हुआ “जय जवान, जय किसान” का नारा आज भी देश के किसानों और जवानों के योगदान की याद दिलाता है।
दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि वर्तमान समय में भी महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के विचार प्रासंगिक हैं। उनके जीवन से सत्य, सेवा, सादगी, त्याग और देश के प्रति समर्पण की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से दोनों महापुरुषों के विचारों को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा देश की एकता और प्रगति के लिए कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, संघर्ष और देश के प्रति योगदान को याद करते हुए उनके बताए आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर मुकेश शर्मा, दुष्यंत नागर, महाराज सिंह नागर, शीबा राय, धर्म सिंह वाल्मीकि, रमेश वाल्मीकि, हरेंद्र कुमार, तनवीर, सुबोध भट्ट, सचिन जीनवाल, नीतीश कुमार, रमेश प्रधान, नीरज शर्मा, एडवोकेट प्रिंस भाटी, जतन सिन्हा, जय प्रसाद, ओमप्रकाश दीक्षित, अर्जुन सचदेवा, एडवोकेट मोहित भाटी, मुन्ना सिंह, दिनेश कुमार, इंद्रेश कुमार, संजू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।







