ग्रेटर नोएडा/दादरी। आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने दादरी विधानसभा क्षेत्र में अपनी ताकत का बड़ा प्रदर्शन किया। पार्टी नेता अक्षय चौधरी के नेतृत्व में निकाली गई ‘परिवर्तन यात्रा’ में हजारों कार्यकर्ताओं और समर्थकों की मौजूदगी ने पूरे क्षेत्र का माहौल सपा के रंग में रंग दिया।

परिवर्तन यात्रा दादरी विधानसभा के विभिन्न क्षेत्रों से होकर निकली। यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने साइकिल रैली निकालकर समाजवादी पार्टी के पक्ष में नारे लगाए। बड़ी संख्या में युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की भागीदारी ने यात्रा को एक विशाल जनसमर्थन वाले कार्यक्रम का रूप दे दिया।
यात्रा में समाजवादी पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों ने भी हिस्सा लिया। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का आह्वान करते हुए कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी।

अक्षय चौधरी ने कहा कि परिवर्तन यात्रा का उद्देश्य जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को जानना और प्रदेश में बदलाव का संदेश देना है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है और समाजवादी पार्टी ही उसका मजबूत विकल्प बनकर उभर रही है।
यात्रा के दौरान जगह-जगह स्थानीय लोगों ने स्वागत किया। कई स्थानों पर फूल बरसाकर और माल्यार्पण कर यात्रा का अभिनंदन किया गया। सपा कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला और पूरे मार्ग पर पार्टी के झंडों और नारों से चुनावी माहौल दिखाई दिया।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि दादरी में आयोजित यह परिवर्तन यात्रा समाजवादी पार्टी की चुनावी तैयारियों का महत्वपूर्ण संकेत मानी जा रही है। बड़ी संख्या में जुटी भीड़ ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी के आत्मविश्वास और संगठनात्मक सक्रियता का संदेश देने का प्रयास किया।







