किसान हित और विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर जिला कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठक
ग्रेटर नोएडा। कांग्रेस के नवनियुक्त उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव संजीव आर्या ने सोमवार को गौतमबुद्ध नगर का पहला दौरा किया। इस दौरान जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी की ओर से बिसरख स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और किसानों सहित आम जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए संजीव आर्या ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। चुनाव की तैयारियां अभी से शुरू करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय और जवाबदेह बनाना होगा। कांग्रेस का संगठन केवल चुनाव के दौरान नहीं, बल्कि लगातार जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को उठाने वाला संगठन होना चाहिए।
उन्होंने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से किसानों, युवाओं, महिलाओं, मजदूरों और आम नागरिकों के बीच नियमित जनसंपर्क करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गौतमबुद्ध नगर में कांग्रेस को मजबूत करने के लिए गांव, बूथ और मंडल स्तर तक संगठन का विस्तार जरूरी है। साथ ही पुराने एवं अनुभवी कार्यकर्ताओं के साथ युवा कार्यकर्ताओं को भी संगठन में सक्रिय जिम्मेदारी देने पर जोर दिया।
किसानों के मुद्दे प्रमुखता से उठाने का आह्वान
प्रदेश प्रभारी ने कहा कि गौतमबुद्ध नगर की पहचान किसानों और ग्रामीण समाज से जुड़ी हुई है। जमीन अधिग्रहण, उचित मुआवजा, आबादी एवं लीजबैक, स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता और ग्रामीण क्षेत्रों की मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दे महत्वपूर्ण जनसरोकार हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गांव-गांव जाकर किसानों और ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को प्रशासन एवं सरकार तक मजबूती से पहुंचाना चाहिए।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि पार्टी का लक्ष्य जिले में ऐसा मजबूत संगठन तैयार करना है, जिसकी हर बूथ पर सक्रिय मौजूदगी हो। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की टीम तैयार करने, पुराने कांग्रेसजनों को साथ जोड़ने और युवा एवं नए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देने का काम तेज किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जिले का किसान आज भी जमीन, मुआवजा, आबादी, रोजगार और अधिकारों से जुड़े कई मुद्दों के समाधान की प्रतीक्षा कर रहा है। कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर किसानों की आवाज मजबूती से उठाएगी। आने वाले समय में जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में किसानों और आम जनता से सीधे संवाद के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
शहर की समस्याओं को भी उठाएगी कांग्रेस
शहर कांग्रेस कमेटी नोएडा के अध्यक्ष मुकेश यादव ने कहा कि नोएडा, ग्रेटर नोएडा और दादरी क्षेत्र में तेजी से हो रहे शहरीकरण के बावजूद रोजगार, महंगाई, किसानों के अधिकार, विस्थापन और स्थानीय समस्याएं बड़ी चुनौती बनी हुई हैं। शहर कांग्रेस इन मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी और वार्ड से लेकर बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय किया जाएगा।
बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ताओं की टीम बनाने, मतदाता सूची का अध्ययन करने, नए मतदाताओं को पार्टी से जोड़ने, वरिष्ठ कांग्रेसजनों को सक्रिय भूमिका देने तथा फ्रंटल संगठनों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक के बाद प्रदेश प्रभारी संजीव आर्या ने जिला एवं शहर कांग्रेस के पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर संगठन की स्थिति और आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से उनके सुझाव भी लिए।
इस अवसर पर अजय चौधरी, सुरेंद्र प्रताप, मुकेश शर्मा, दुष्यंत नागर, गौतम अवाना, निशा शर्मा, अशोक पंडित, लियाकत चौधरी, रामकुमार तंवर, पुरुषोत्तम नागर, ललित अवाना, नीरज लोहिया, रिजवान चौधरी, श्रुति कुमारी, रूबी चौहान, धर्म सिंह, उर्मिला चौधरी, बिन्नू नेता जी, जतन सिन्हा, विजय नागर, सतपाल सिंह, तकी मोहम्मद, धर्मबीर सिंह, अरुण भाटी, यतेंद्र शर्मा, फिरे नागर, अरविंद रेक्सवाल, कैलाश बंसल, महकार तंवर, रघुराज शर्मा, सचिन जीनवाल सहित बड़ी संख्या में जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, ब्लॉक एवं मंडल अध्यक्ष, फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारी, पूर्व पदाधिकारी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।









