मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में शुरू हुआ ट्रेड शो, 90 देशों के खरीदार और 2400 से अधिक प्रदर्शक ले रहे हिस्सा
ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश की औद्योगिक, व्यापारिक और निर्यात क्षमता को वैश्विक मंच देने के उद्देश्य से ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में शुक्रवार को यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 के चौथे संस्करण का शुभारंभ हुआ। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने ट्रेड शो का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत प्रदेश सरकार के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और देश-विदेश से आए कारोबारी मौजूद रहे।
25 से 29 सितंबर तक चलने वाले इस ट्रेड शो में 2400 से अधिक प्रदर्शक हिस्सा ले रहे हैं। करीब 36 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में आयोजित आयोजन में 90 से अधिक देशों के 600 से ज्यादा विदेशी खरीदारों और प्रदर्शकों के शामिल होने की संभावना है।
निवेश और उद्योग का प्रमुख केंद्र बन रहा यूपी
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश तेजी से निवेश, उत्पादन, व्यापार और नवाचार का प्रमुख केंद्र बन रहा है। प्रदेश एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि ट्रेड शो प्रदेश के उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहा है।
अमित शाह ने उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था, औद्योगिक नीतियों और आधारभूत ढांचे में हुए बदलाव का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में निवेश का वातावरण मजबूत हुआ है। डिफेंस कॉरिडोर, एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट और अन्य इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं से औद्योगिक गतिविधियों को गति मिली है।
उन्होंने उत्तर प्रदेश डिफेंस कॉरिडोर को औद्योगिक विकास का महत्वपूर्ण उदाहरण बताते हुए कहा कि झांसी, चित्रकूट, लखनऊ, आगरा, अलीगढ़ और कानपुर सहित छह नोड्स में रक्षा उत्पादन से जुड़ी गतिविधियां बढ़ रही हैं।
ओडीओपी से स्थानीय उत्पादों को मिली वैश्विक पहचान
अमित शाह ने वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ओडीओपी) योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि भदोही की दरी, मुरादाबाद का पीतल, फिरोजाबाद का कांच, सहारनपुर की काष्ठकला, कन्नौज का इत्र और वाराणसी की साड़ी जैसे उत्पादों ने उत्तर प्रदेश को देश-दुनिया में नई पहचान दिलाई है। उन्होंने कहा कि ट्रेड शो के जरिए स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाने का अवसर मिल रहा है।
ट्रेडिशन से टेक्नोलॉजी तक एक मंच पर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो पिछले चार वर्षों से प्रदेश के उत्पादों, पारंपरिक उद्यमों, कारीगरों, युवाओं के नवाचार और एमएसएमई क्षेत्र को वैश्विक मंच उपलब्ध करा रहा है।
उन्होंने कहा कि यह आयोजन ट्रेडिशन और टेक्नोलॉजी, हेरिटेज और इनोवेशन तथा हुनर और मार्केट को एक मंच पर ला रहा है। जापान, सिंगापुर, बेलारूस, रूस, वियतनाम और ऑस्ट्रिया जैसे साझेदार देशों की भागीदारी से तकनीकी सहयोग, निवेश और संयुक्त उद्यमों के नए अवसर बन रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज दो लाख करोड़ रुपये से अधिक का निर्यात कर रहा है। ओडीओपी के साथ प्रदेश देश के प्रमुख मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।
79 उत्पादों को जीआई टैग
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के एमएसएमई क्षेत्र के 79 उत्पादों को जीआई टैग प्राप्त है, जबकि 75 नए उत्पादों के लिए आवेदन किया गया है। उन्होंने कहा कि ओडीओपी, पीएम विश्वकर्मा और विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के माध्यम से कारीगरों को प्रशिक्षण, टूलकिट, ऋण, ब्रांडिंग और बाजार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
एक करोड़ से अधिक एमएसएमई इकाइयां
प्रदेश के एमएसएमई मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में एक करोड़ से अधिक पंजीकृत एमएसएमई इकाइयां हैं। इनसे तीन करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार मिलने की बात उन्होंने कही। ट्रेड शो में रक्षा, कृषि, उद्योग, ई-कॉमर्स, आईटी, शिक्षा, चिकित्सा, बैंकिंग, डेयरी, हैंडलूम, टेक्सटाइल और जीआई उत्पादों सहित विभिन्न क्षेत्रों के स्टॉल लगाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि ट्रेड शो में बी2बी बैठकें और विभिन्न विषयों पर नॉलेज सेशन भी आयोजित किए जा रहे हैं। इससे स्थानीय उद्यमियों, महिला उद्यमियों, युवाओं और निर्यातकों को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
‘एक जनपद, एक व्यंजन’ पोर्टल का शुभारंभ
उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्रेड शो में लगाए गए विभिन्न उत्पादों, हस्तशिल्प और औद्योगिक प्रदर्शनी के स्टॉलों का अवलोकन किया। दोनों ने अलग-अलग जिलों के उत्पादों और एमएसएमई इकाइयों की जानकारी ली। इस दौरान ‘एक जनपद, एक व्यंजन’ पोर्टल का भी शुभारंभ किया गया।
दीनदयाल उपाध्याय को अर्पित किए श्रद्धासुमन
पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती के अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, औद्योगिक विकास एवं एमएसएमई मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, एमएसएमई मंत्री भूपेंद्र चौधरी, राज्य मंत्री बृजेश सिंह, हंस राज विश्वकर्मा, राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर, गौतमबुद्धनगर सांसद डॉ. महेश शर्मा, विधान परिषद सदस्य श्रीचंद शर्मा व नरेंद्र सिंह भाटी, दादरी विधायक तेजपाल सिंह नागर, जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।







