भारत टेक्स 2027 के सफल आयोजन और वस्त्र निर्यात को बढ़ावा देने पर रहेगा नए नेतृत्व का जोर
नई दिल्ली । भारत टेक्स ट्रेड फेडरेशन (बीटीटीएफ) की 12वीं बोर्ड बैठक में डॉ. ए. शक्तिवेल को फेडरेशन का नया चेयरमैन निर्वाचित किया गया है। वहीं, श्री भद्रेश दोधिया को दोबारा को-चेयरमैन और श्री सुधीर सेखरी को कोषाध्यक्ष चुना गया। नई दिल्ली के होटल ली मेरिडियन में आयोजित बैठक में भारतीय वस्त्र एवं परिधान उद्योग के विकास, निर्यात विस्तार और आगामी भारत टेक्स 2027 की तैयारियों पर चर्चा हुई।

निवर्तमान चेयरमैन नरेन गोयनका और को-चेयरमैन भद्रेश दोधिया ने नए नेतृत्व का स्वागत करते हुए उद्योग के विकास के लिए शुभकामनाएं दीं। फेडरेशन को उम्मीद है कि नए नेतृत्व में भारतीय वस्त्र उद्योग की वैश्विक पहचान मजबूत होगी और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में निर्यात के नए अवसर विकसित होंगे।
नए नेतृत्व की प्राथमिकताओं में भारतीय वस्त्र एवं परिधान उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों में बढ़ावा देना, विदेशी खरीदारों के साथ व्यावसायिक संबंध मजबूत करना, निवेश और नवाचार को प्रोत्साहित करना तथा भारत को वैश्विक विनिर्माण एवं सोर्सिंग केंद्र के रूप में स्थापित करना शामिल है।
भारत टेक्स 2027 पर रहेगा विशेष फोकस
फेडरेशन के सामने सबसे अहम जिम्मेदारी भारत टेक्स 2027 का सफल आयोजन करना है। यह आयोजन 31 मार्च से 3 अप्रैल 2027 तक होगा। भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय के सहयोग से आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में वस्त्र एवं परिधान उद्योग की पूरी मूल्य शृंखला को एक मंच पर लाया जाएगा।

आगामी आयोजन में अंतरराष्ट्रीय खरीदारों की भागीदारी बढ़ाने, नए व्यापारिक समझौते और साझेदारियां विकसित करने तथा भारतीय वस्त्र उद्योग की उत्पादन एवं निर्यात क्षमता को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करने पर जोर दिया जाएगा। इससे भारतीय निर्यातकों और विनिर्माताओं को नए बाजारों तक पहुंचने के अवसर मिलने की उम्मीद है।
भारतीय वस्त्र उद्योग को मिलेगी नई दिशा
निवर्तमान चेयरमैन नरेन गोयनका ने कहा कि फेडरेशन का नेतृत्व करना और वैश्विक मंच पर भारतीय वस्त्र एवं परिधान उद्योग की स्थिति मजबूत करने में योगदान देना उनके लिए गौरव की बात रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि नया नेतृत्व अब तक हुई प्रगति को आगे बढ़ाएगा और अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के साथ भारत के संबंधों को और मजबूत करेगा।
नवनिर्वाचित चेयरमैन डॉ. ए. शक्तिवेल ने कहा कि भारतीय वस्त्र एवं परिधान उद्योग के लिए यह महत्वपूर्ण दौर है। उनका ध्यान वैश्विक बाजारों में भारत की स्थिति मजबूत करने, निर्यात के नए अवसर विकसित करने और अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के साथ व्यापारिक संबंधों को प्रगाढ़ बनाने पर रहेगा। उन्होंने भारत टेक्स 2027 को भारतीय उद्योग की क्षमताओं को प्रदर्शित करने और वैश्विक साझेदारियां बढ़ाने का महत्वपूर्ण मंच बताया। डॉ. शक्तिवेल वर्तमान में परिधान निर्यात संवर्धन परिषद (एईपीसी) के चेयरमैन भी हैं।
दोबारा को-चेयरमैन चुने गए भद्रेश दोधिया ने कहा कि फेडरेशन के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के लिए नए चेयरमैन और उद्योग के अन्य प्रतिनिधियों के साथ मिलकर काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भारत टेक्स 2027 को भारतीय निर्यातकों और विनिर्माताओं के लिए अधिक व्यावसायिक अवसर उपलब्ध कराने वाला आयोजन बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
11 निर्यात संवर्धन परिषदों सहित कई संगठन हैं शामिल
भारत टेक्स ट्रेड फेडरेशन भारतीय वस्त्र एवं परिधान उद्योग का संयुक्त औद्योगिक संगठन है। इसमें 11 प्रमुख वस्त्र निर्यात संवर्धन परिषदों के अलावा कन्फेडरेशन ऑफ इंडियन टेक्सटाइल इंडस्ट्री (सीआईटीआई) और क्लोदिंग मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सीएमएआई) शामिल हैं।
फेडरेशन उद्योग की प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने, निर्यात को प्रोत्साहित करने, अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक संबंधों को मजबूत करने और भारतीय वस्त्र मूल्य शृंखला की क्षमताओं को वैश्विक स्तर पर प्रदर्शित करने के लिए काम करता है। भारत टेक्स इसी प्रयास का प्रमुख हिस्सा है, जिसमें अंतरराष्ट्रीय खरीदारों, निर्माताओं, निर्यातकों, डिजाइनरों और नीति-निर्माताओं को एक साझा मंच मिलता है।







