ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के लिए खेल जगत से जुड़ी एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। पहली बार शहर में बिग क्रिकेट लीग (बीसीएल) सीजन-2 का आयोजन होने जा रहा है। यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट 03 जून से 13 जून 2026 तक ग्रेटर नोएडा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के क्रिकेट ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा।
इस लीग में क्रिकेट जगत के कई दिग्गज खिलाड़ी मैदान पर अपना जलवा बिखेरते नजर आएंगे। इनमें शिखर धवन , हरभाजन सिंह , क्रिस गेल , रॉस टेलर ,थिसारा परेरा और तिलकरत्न दिलशान जैसे अंतरराष्ट्रीय स्टार खिलाड़ी शामिल होंगे।
टूर्नामेंट के सभी मुकाबलों के लिए दर्शकों का प्रवेश निशुल्क रखा गया है। साथ ही स्टेडियम परिसर में पार्किंग की विशेष व्यवस्था भी की जाएगी। आयोजन को लेकर क्रिकेट ग्राउंड और आसपास के क्षेत्रों में तैयारियां तेजी से चल रही हैं।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर एसीईओ प्रेरणा सिंह ने संबंधित विभागों की बैठक कर सभी व्यवस्थाओं को तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। आयोजन को सफल बनाने में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण सहयोगी की महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
बिग क्रिकेट लीग के मुख्य संरक्षक पुनीत सिंह ने बताया कि ऑनलाइन ट्रैवल टेक कंपनी EaseMyTrip के सहयोग से आयोजित इस टूर्नामेंट में छह फ्रेंचाइजी टीमें टी-20 फॉर्मेट में कुल 18 मुकाबले खेलेंगी। लीग की मौजूदा चैंपियन “मुंबई मरींस” टीम है।
उन्होंने बताया कि इस लीग की सबसे खास बात यह है कि देशभर से चयनित 60 शौकिया क्रिकेटरों को अंतरराष्ट्रीय दिग्गज खिलाड़ियों के साथ खेलने का मौका मिलेगा। इसके अलावा कई पूर्व आईपीएल खिलाड़ी भी इस टूर्नामेंट का हिस्सा होंगे।
भारत में मैचों का सीधा प्रसारण यूरो स्पोर्ट्स चैनल पर किया जाएगा, जबकि डिजिटल स्ट्रीमिंग फैनकोड पर उपलब्ध रहेगी। इसके साथ ही टूर्नामेंट का प्रसारण 25 से अधिक देशों में भी किया जाएगा।
निशांत पित्ती ने कहा कि बिग क्रिकेट लीग के साथ साझेदारी बेहद उत्साहजनक रही है। यह मंच क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ियों को जमीनी स्तर की प्रतिभाओं से जोड़ने का काम कर रहा है।
वहीं, दिलीप वेंगसर्कर ने कहा कि बिग क्रिकेट लीग का उद्देश्य युवा खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय मंच प्रदान करना है, ताकि वे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें और महान खिलाड़ियों के साथ खेलने का अनुभव हासिल कर सकें।







