गौतमबुद्धनगर। ग्रीष्म ऋतु के दौरान लोगों को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जनपद में विशेष अभियान शुरू कर दिया है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश तथा जिलाधिकारी के निर्देश पर विभागीय टीमें लगातार आइसक्रीम और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर नमूने संग्रहित कर रही हैं।
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार एवं विजय बहादुर पटेल की टीम ने सूरजपुर स्थित लक्ष्मी आइसक्रीम निर्माण इकाई से आइसकैंडी तथा डिवाइन आइसक्रीम इकाई से आइसक्रीम का नमूना लिया। वहीं खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमर बहादुर सरोज एवं रितु सक्सेना की टीम ने सेक्टर-64 नोएडा स्थित गोल्ड स्मिथ रिटेल सर्विसेज लिमिटेड से दूध, क्रीम और रेड वेलवेट क्रीम (निरूला ब्रांड) के नमूने संग्रहित किए।
जांच के दौरान रेड वेलवेट क्रीम के लेबल पर आवश्यक सूचनाएं एवं पोषण संबंधी विवरण अंकित नहीं पाए गए। इस पर विभाग ने 2.3 किलोग्राम के 25 डिब्बों को अग्रिम आदेश तक सीज कर दिया। इसके अलावा सेक्टर-73 स्थित क्वार्ले आइसक्रीम से आइसक्रीम तथा ग्रेटर नोएडा वेस्ट के रोजा जलालपुर स्थित भवनाथ आइसक्रीम एवं कोल्ड ड्रिंक्स इकाई से कुल्फी और बादाम शेक के नमूने भी लिए गए।
अभियान के दौरान कुल आठ खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। विभाग ने हलाल प्रमाणनयुक्त खाद्य पदार्थों की बिक्री की शिकायतों को लेकर भी विभिन्न स्टोरों पर जांच की, हालांकि कहीं भी ऐसी बिक्री नहीं पाई गई।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि आगे भी इसी प्रकार अभियान चलाकर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की जाएगी, ताकि जनपदवासियों को सुरक्षित और मानकयुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।








