ग्रेटर नोएडा: भारतीय किसान यूनियन मंच ने दादरी क्षेत्र में लगातार बिगड़ रही बिजली व्यवस्था को लेकर बिजलीघर धूम दादरी में प्रदर्शन कर थाना बादलपुर के माध्यम से यूपीपीसीएल के एसडीओ के नाम ज्ञापन सौंपा। संगठन ने शीघ्र समस्या समाधान न होने पर अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी दी है।
राष्ट्रीय महासचिव मास्टर मनमिंदर भाटी ने बताया कि दादरी शहर व छपरौला सहारा सिटी क्षेत्र में पिछले एक महीने से भीषण गर्मी के बीच लगातार बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है। आए दिन विभिन्न वार्डों में फॉल्ट, ट्रांसफॉर्मर खराब होने और लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई है।

प्रदेश प्रभारी विक्रांत भाटी ने कहा कि बिजली उपभोक्ता लगातार शिकायत दर्ज करा रहे हैं, लेकिन समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा। प्रदेश उपाध्यक्ष विशाल ठाकुर ने बताया कि हाईटेंशन लाइनों में फॉल्ट, ब्रेकडाउन और ट्रांसफॉर्मर खराब होने के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जिलाध्यक्ष अक्षय मुखिया ने कहा कि भीषण गर्मी में लंबे समय तक बिजली कटौती से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। महासचिव डॉ. मोहसिन ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो भाकियू मंच दादरी व छपरौला के बिजली उपभोक्ताओं के साथ बिजलीघर पर अनिश्चितकालीन धरना देगा।

इस मौके पर हाजी निजाम, सोनू बैसला, विकास रूपवास, मनीष नागर, अब्दुल कादिर, दानिश खान, नितेश कसाना, मनीष अधाना, अरुण जाटव, गौरव चौधरी, विजय कुमार और मोहित चौधरी सहित अनेक लोग मौजूद रहे।







