ग्रेटर नोएडा: किसानों के अधिकार, सम्मान और आर्थिक आत्मनिर्भरता की लड़ाई को अब राजनीतिक मंच पर ले जाने की तैयारी है। भारतीय किसान यूनियन भानू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर भानु प्रताप सिंह ने किसान क्रांति दल के गठन के साथ उत्तर प्रदेश सहित सात राज्यों की सभी विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं का स्थायी समाधान केवल आश्वासनों से नहीं, बल्कि सत्ता और नीतिगत फैसलों में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने से होगा।
दरअसल, शनिवार को ग्रेटर नोएडा के सेक्टर अल्फा-1 स्थित प्रेस क्लब ऑफ भारत में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने देशभर के किसान, राजनीतिक और सामाजिक संगठनों से किसान क्रांति दल के साथ जुड़ने की अपील की। उन्होंने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राष्ट्रीय संगठन प्रभारी केपी सिंह ठेनुआ को राष्ट्रीय चेहरा घोषित किया। साथ ही प्रत्याशियों की घोषणा नोएडा से शुरू करने की बात कही,

यूपी सहित सात राज्यों में चुनावी तैयारी
ठाकुर भानु प्रताप सिंह ने बताया कि किसान क्रांति दल उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, गोवा, मणिपुर और गुजरात में होने वाले विधानसभा चुनावों में सभी सीटों पर अपने दम पर चुनाव लड़ेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी की राजनीति जाति और धर्म से ऊपर उठकर किसान, जवान, मजदूर, युवा और महिलाओं के अधिकारों पर केंद्रित होगी।
राष्ट्रीय किसान आयोग और एमएसपी प्रमुख मांग
उन्होंने राष्ट्रीय किसान आयोग के गठन को पार्टी का प्रमुख मुद्दा बताते हुए कहा कि आयोग का अध्यक्ष और सदस्य अनुभवी, ईमानदार एवं प्रगतिशील किसानों को बनाया जाना चाहिए। किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य दिलाने के लिए एमएसपी स्वामीनाथन आयोग की सिफारिश के अनुरूप उत्पादन लागत का डेढ़ गुना निर्धारित करने की प्रभावी व्यवस्था होनी चाहिए।
बेटे को खोने का दर्द बना किसानों की लड़ाई का संकल्प
प्रेस वार्ता में उन्होंने अपने बेटे की आत्महत्या का जिक्र करते हुए बताया कि आर्थिक संकट और कर्ज के बोझ से परेशान उनके आलू किसान बेटे ने वर्ष 2018 में अपनी जान दे दी थी। उन्होंने भावुक होकर कहा कि वह नहीं चाहते कि किसी दूसरे किसान परिवार को ऐसी त्रासदी से गुजरना पड़े। किसानों को सम्मानजनक जीवन और आर्थिक सुरक्षा दिलाना ही उनके संघर्ष का उद्देश्य है।
भाजपा से समर्थन वापस, अब अपनी राजनीतिक ताकत
उन्होंने कहा कि 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा तथा 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में भाजपा को समर्थन देने के बावजूद राष्ट्रीय किसान आयोग की मांग पूरी नहीं हुई। अब पार्टी के साथ संवाद की गुंजाइश समाप्त हो चुकी है। उन्होंने कहा कि किसान क्रांति दल का लक्ष्य किसानों को राजनीतिक रूप से मजबूत बनाना है। प्रेस वार्ता के अंत में उन्होंने नारा दिया— “जय जवान, जय किसान, देश महान।”







