ग्रेटर नोएडा। थाना ईकोटेक-3 पुलिस ने दीपक नागर हत्याकांड का सफल खुलासा करते हुए हत्या के मामले में वांछित चल रहे दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त अवैध हथियार, कारतूस और घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 20 मई 2026 को ग्राम वेदपुरा निवासी दीपक नागर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस संबंध में थाना ईकोटेक-3 में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। मामले में मुख्य आरोपी प्रीत नागर उर्फ कालू और उसका सहयोगी दीपक उर्फ कृष्ण नागर घटना के बाद से फरार चल रहे थे। मुख्य आरोपी प्रीत नागर पर पुलिस द्वारा 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।

लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों के कब्जे से एक 32 बोर पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, एक 315 बोर तमंचा, एक जिंदा एवं एक खोखा कारतूस तथा हत्या में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वर्ष 2011 में प्रीत नागर के पिता की हत्या हुई थी, जिसमें मृतक दीपक नागर के पिता का नाम सामने आया था। उसी रंजिश का बदला लेने के उद्देश्य से आरोपियों ने दीपक नागर की हत्या की साजिश रची। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी करीब एक माह से मृतक की रेकी कर रहे थे और मौका मिलते ही वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में साजिश रचने, हथियार उपलब्ध कराने और आरोपियों को फरार कराने के आरोप में चार अन्य अभियुक्तों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
थाना ईकोटेक-3 पुलिस टीम की इस कार्रवाई को हत्या के सनसनीखेज मामले के सफल खुलासे के रूप में देखा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।







