ग्रेटर नोएडा । उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत विकास भवन में संचालित सरस शॉप का गुरुवार को जिलाधिकारी ने फीता काटकर उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए विभिन्न उत्पादों का अवलोकन किया और उनकी गुणवत्ता की सराहना की।

सरस शॉप में महिलाओं द्वारा तैयार मसाले, अचार, पापड़, जूट बैग, सैनिटरी पैड, हस्तशिल्प सामग्री, खादी वस्त्र, शहद सहित अन्य उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं। जिलाधिकारी ने उत्पादों की गुणवत्ता और आकर्षक पैकेजिंग की प्रशंसा करते हुए कहा कि स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं अपने कौशल, परिश्रम और आत्मविश्वास के बल पर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पाद उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के साथ-साथ समाज में उनकी पहचान और सम्मान को भी नई ऊंचाइयों तक पहुंचा रहे हैं। इस दौरान जिलाधिकारी ने महिलाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उत्पादों की खरीदारी भी की।

जिला विकास अधिकारी शिव प्रताप परमेश ने बताया कि सरस शॉप स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और विपणन के लिए एक सशक्त मंच उपलब्ध करा रही है। इसके माध्यम से महिलाओं को बेहतर बाजार मिलने के साथ उनकी आय में वृद्धि हो रही है। उन्होंने बताया कि मिशन से जुड़कर जिले की कई महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं और भविष्य में अधिक से अधिक महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

कार्यक्रम में परियोजना निदेशक नेहा, एनआरएलएम के अखिलेश प्रजापति, वेदिका फाउंडेशन की डॉ. सपना आर्य तथा स्वयं सहायता समूहों की सदस्य महिलाएं मौजूद रहीं।







