ग्रेटर नोएडा। जिला कांग्रेस कमेटी गौतमबुद्ध नगर की समीक्षा बैठक गुरुवार को बिसरख स्थित जिला मुख्यालय पर आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने की। इस दौरान संगठन की गतिविधियों, मतदाता सत्यापन अभियान, बूथ सशक्तिकरण और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक से पूर्व देश के पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं किसान नेता स्वर्गीय राजेश पायलट की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया तथा उनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए जनसेवा और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया

जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि राजेश पायलट भारतीय राजनीति के उन जननेताओं में शामिल थे जिन्होंने हमेशा किसानों, मजदूरों, युवाओं और समाज के कमजोर वर्गों की आवाज बुलंद की। उन्होंने कहा कि जनसेवा, संघर्ष और संगठन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता आज भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत है। कांग्रेस पार्टी उनके बताए मार्ग पर चलकर जनता के अधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।

इसके बाद आयोजित समीक्षा बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के तहत मतदाता सत्यापन अभियान की प्रगति की समीक्षा की गई। विभिन्न ब्लॉकों, नगर इकाइयों और बूथ स्तर से प्राप्त रिपोर्टों पर चर्चा करते हुए बताया गया कि जिले में अब तक लगभग 40 प्रतिशत मतदाताओं का सत्यापन कार्य पूरा किया जा चुका है।

इस पर जिला अध्यक्ष ने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता लोकतंत्र की मजबूती के लिए बेहद आवश्यक है। उन्होंने अभियान में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि शेष मतदाताओं के सत्यापन के लिए संगठन के अतिरिक्त पदाधिकारियों को विभिन्न क्षेत्रों में प्रभारी एवं सह-प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है, ताकि अभियान को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सके। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ पर कांग्रेस की मजबूत उपस्थिति सुनिश्चित करना संगठन की प्राथमिकता है।
दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि आगामी चुनावी गतिविधियों को देखते हुए सभी कार्यकर्ताओं को पूर्ण सक्रियता के साथ जनता के बीच जाना होगा। उन्होंने ब्लॉक, नगर, सेक्टर और बूथ स्तर के पदाधिकारियों से नियमित जनसंपर्क अभियान चलाने तथा मतदाताओं से संवाद बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याएं, कानून-व्यवस्था और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर कांग्रेस जनता की आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला उपाध्यक्ष एवं संगठन प्रभारी मुकेश शर्मा ने कहा कि किसी भी राजनीतिक संगठन की असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता होते हैं। उन्होंने पदाधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित बैठकें आयोजित कर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने मतदाता सत्यापन अभियान को संगठन विस्तार और जनसंपर्क का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए सभी कार्यकर्ताओं से पूरी निष्ठा के साथ इसमें भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।
बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, सदस्यता अभियान, बूथ सशक्तिकरण, जनसंपर्क गतिविधियों और चुनावी तैयारियों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने तथा संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर मुकेश शर्मा, गौतम अवाना, रिजवान चौधरी, नीरज लोहिया, महाराज सिंह नागर, हरेंद्र शर्मा, सुरेंद्र प्रताप सिंह, दुष्यंत नगर, सतीश शर्मा, विजय नागर, धर्मवीर प्रधान, आर.के. प्रथम, कैलाश बंसल, रमेश चंद्र यादव, सुबोध भट्ट, रमेश वाल्मीकि, प्रिंस भाटी, अरविंद रेक्सवाल, सचिन जीनवाल, विपिन त्यागी, असगर अली, अमित कुमार, रमेश चंद जीनवाल, जय प्रसाद, जतन सिन्हा, ओ.पी. दीक्षित, आलोक जैन, मनोज गौतम, शाहिद, योगेश सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







