ग्रेटर नोएडा। राजेश पायलट शिक्षा समिति ट्रस्ट की ओर से रविवार को 25वें प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत स्वर्गीय राजेश पायलट के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। समारोह में जिले की उन प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया, जिन्होंने हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया। इसके अलावा खेल, सामाजिक सेवा और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले युवाओं को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रसिद्ध उद्योगपति अभिषेक वर्मा रहे। विशिष्ट अतिथियों में राष्ट्रीय महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष ममता शर्मा, उत्तर प्रदेश महिला आयोग की सदस्य मीना कुमारी, इलाहाबाद हाईकोर्ट के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस सुधीर अग्रवाल तथा अभिनेता वीर चौधरी शामिल रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं संचालन अधिवक्ता नीरज लोहिया ने किया।
मुख्य अतिथि अभिषेक वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और उनके ज्ञान, कौशल व संकल्प से ही राष्ट्र मजबूत बनेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान भी प्राप्त करना चाहिए। शिक्षा ही समाज और देश के सर्वांगीण विकास का सबसे सशक्त माध्यम है।
राष्ट्रीय महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष ममता शर्मा ने बेटियों की शिक्षा पर विशेष जोर देते हुए कहा कि एक शिक्षित महिला दो परिवारों को शिक्षित करती है। उन्होंने कहा कि मां बच्चों की पहली गुरु होती है और वही उन्हें अच्छे संस्कार देकर बेहतर नागरिक बनने की दिशा प्रदान करती है।
पूर्व न्यायाधीश जस्टिस सुधीर अग्रवाल ने कहा कि सरकारी स्कूलों की स्थिति तभी बदलेगी, जब जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बच्चे भी वहीं पढ़ेंगे। उन्होंने 2015 के अपने इसी संबंधी फैसले का भी उल्लेख किया।
निर्मल तंवर ने कहा कि युवाओं को स्वर्गीय राजेश पायलट के जीवन, संघर्ष और जनसेवा से प्रेरणा लेकर समाज व राष्ट्र के विकास में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। कार्यक्रम में मौजूद सभी अतिथियों ने समिति के अध्यक्ष दीपक भाटी की सराहना करते हुए कहा कि पिछले 25 वर्षों से लगातार आयोजित हो रहा यह समारोह युवाओं को आगे बढ़ने और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करता है।
समिति के अध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक दीपक भाटी ने कहा कि प्रतिभा सम्मान समारोह का उद्देश्य जिले की प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन करना और उन्हें भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि समिति पिछले 25 वर्षों से लगातार इस परंपरा का निर्वहन कर रही है।
समारोह में अधिवक्ता नीरज लोहिया, भूपेंद्र भाटी, रामकला प्रधान, राकेश भाटी, विकास भाटी घरबरा, कपिल प्रधान, संदीप भाटी, अवनीश भाटी, विकास भनोटा, अनिल भाटी, विनीत रौसा, श्यामवीर प्रधान, सत्येंद्र फौजदार, नीरजा फौजदार, प्रसिद्ध यूट्यूबर विक्की रेक्सवॉल, बरखा रेक्सवॉल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, शिक्षाविद, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे।







