ग्रेटर नोएडा। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की पहल पर देशभर में चलाए जा रहे “छात्रों की गूंज” अभियान के तहत जिला कांग्रेस कमेटी गौतम बुद्ध नगर ने मंगलवार को ग्रेटर नोएडा वेस्ट में जनसंपर्क अभियान और मशाल जुलूस का आयोजन किया। जुलूस अरिहंत आर्डेन सोसायटी से शुरू होकर ऐस सिटी गोलचक्कर तक निकाला गया। इसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं, अभिभावकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया तथा शिक्षा व्यवस्था, प्रतियोगी परीक्षाओं और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर अपनी आवाज बुलंद की।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश कांग्रेस के सह प्रभारी एवं राष्ट्रीय सचिव प्रदीप नरवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी गौतम बुद्ध नगर के अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने की।

मुख्य अतिथि प्रदीप नरवाल ने कहा कि देश का युवा केवल रोजगार नहीं, बल्कि पारदर्शी, निष्पक्ष और भरोसेमंद व्यवस्था की मांग कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार पेपर लीक, प्रतियोगी परीक्षाओं का निरस्त होना, भर्ती प्रक्रियाओं में वर्षों की देरी और नियुक्तियों में विलंब से लाखों युवाओं के भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थी वर्षों तक अपने परिवारों से दूर रहकर किराया, भोजन, कोचिंग, पुस्तकें और अन्य शैक्षणिक खर्च वहन करते हैं। मध्यमवर्गीय और किसान परिवार अपने बच्चों की शिक्षा के लिए बड़ी आर्थिक चुनौतियों का सामना करते हैं, लेकिन उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में अपेक्षित प्रयास नहीं दिखाई देते।

प्रदीप नरवाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लगातार छात्रों, युवाओं और प्रतियोगी परीक्षार्थियों के मुद्दे संसद से लेकर सड़क तक उठाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि “छात्रों की गूंज” अभियान का उद्देश्य देश के प्रत्येक छात्र को यह विश्वास दिलाना है कि उसकी समस्याओं और अधिकारों की लड़ाई पूरी मजबूती के साथ लड़ी जाएगी। उन्होंने समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया, निष्पक्ष परीक्षाएं, पेपर लीक पर कठोर कार्रवाई तथा गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ शिक्षा सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
14f0062c-29ea-4f98-8567-52fb0490f854
जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी उसके युवा और विद्यार्थी होते हैं। यदि वही अपने भविष्य को लेकर असुरक्षित महसूस करें तो यह पूरे देश के भविष्य के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुटे लाखों छात्र वर्षों तक कठिन परिश्रम करते हैं, जबकि उनके परिवार आर्थिक और सामाजिक स्तर पर अनेक त्याग करते हैं। ऐसे में परीक्षाओं का रद्द होना, पेपर लीक होना या भर्ती प्रक्रियाओं का लंबित रहना विद्यार्थियों और उनके परिवारों के लिए बड़ा आघात है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा और रोजगार का मुद्दा अब केवल युवाओं तक सीमित नहीं रहा, बल्कि प्रत्येक परिवार का विषय बन चुका है। सरकार को प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता, समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी राहुल गांधी की सोच के अनुरूप छात्रों, अभिभावकों और बेरोजगार युवाओं की आवाज बनकर उनके अधिकारों की लड़ाई जारी रखेगी।
कार्यक्रम में मुकेश यादव, गौतम अवाना, मुकेश शर्मा, सूबेदार सतपाल सिंह, महाराज सिंह नागर, दुष्यंत नागर, निशा शर्मा, रिजवान चौधरी, नीरज लोहिया, संदीप नागर, श्रुति कुमारी, धर्मवीर प्रधान, विजय नागर, हरेंद्र शर्मा, अरुण भाटी, नितीश चौधरी, कपिल भाटी, पुनीत मावी, आर.के. प्रथम, गजेंद्र प्रधान, बिन्नू भाटी, संजय भाटी, रघुराज शर्मा, अजय छोंकर, रमा नैयर, रमेश यादव, नीरज शर्मा, रमेश बाल्मीकि, सुबोध भट्ट, देवेश चौधरी, सचिन जीनवाल, ओमकार सिंह राणा, सचिन शर्मा, विपिन त्यागी, अरविंद रेक्सवाल, प्रिंस भाटी, जगदीश नागर, सीमा देवी, प्रवीण तंवर, सुनील भाटी, रूपेश भाटी, कुंदन मिश्रा, महकार सिंह, दीपक प्रजापति, अजीत सिंह, राहुल तोंगड़, तनुज शर्मा, रिशु चौधरी, जतन कुमार, दुर्गेश सिंह, वीरेंद्र सिंह, संजय भाटी, सचिन भाटी, संदीप भाटी, इंद्रेश कुमार, रवि कुमार, दीपांशु सोनी, राज सिंह भड़ाना, ओमप्रकाश दीक्षित, आलोक जैन, जय प्रसाद, पप्पू सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं छात्र उपस्थित रहे।







