कलाधाम हादसे में बड़ा एक्शन: मासूम की मौत के बाद ठेकेदार पर एफआईआर, कंपनी ब्लैकलिस्ट, दो कर्मचारी बर्खास्त

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क-2 स्थित कलाधाम सोसाइटी में बोरवेल के गड्ढे में भरे पानी में डूबने से छह वर्षीय मासूम अव्यान सूर्या की दर्दनाक मौत के मामले में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने सख्त कार्रवाई की है। प्राधिकरण ने निर्माण कार्य में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है, संबंधित कंपनी को ब्लैकलिस्ट कर दिया है तथा जल विभाग के सुपरवाइजर और तकनीकी सुपरवाइजर की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी हैं। दोनों कर्मचारियों के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कराने की मांग की गई है।

प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एनजी रवि कुमार ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

जानकारी के अनुसार, कलाधाम सोसाइटी में जलापूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए तीन दिन पहले नलकूप निर्माण का कार्य शुरू किया गया था। आरोप है कि ठेकेदार ने कार्य प्रारंभ करने की सूचना जल विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को नहीं दी और बिना पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था व बैरिकेडिंग के गड्ढा खोद दिया। गड्ढे में पानी भर गया था। शनिवार शाम सोसाइटी में रहने वाले केंद्रीय विद्यालय के उपप्रधानाचार्य सीवान यादव का छह वर्षीय पुत्र अव्यान सूर्या खेलते समय गड्ढे में गिर गया और डूबने से उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही प्राधिकरण के महाप्रबंधक ए.के. सिंह, वरिष्ठ प्रबंधक विनोद कुमार शर्मा, सहायक प्रबंधक मनोज चौधरी सहित अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराई।

प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक विनोद कुमार शर्मा की ओर से नॉलेज पार्क कोतवाली में ठेकेदार फर्म सुप्रीम इंडस्ट्रियल कॉरपोरेशन के प्रोपराइटर मनोज कुमार जैन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए तहरीर दी गई है। वहीं, जल विभाग के तकनीकी सुपरवाइजर आकाश कुमार और सुपरवाइजर जॉनी कुमार को लापरवाही का जिम्मेदार मानते हुए उनकी सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं तथा उनके खिलाफ भी एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई है।

प्राधिकरण के एसीईओ सुनील कुमार सिंह ने भी घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सीईओ ने सभी वर्क सर्किलों को निर्देश जारी किए हैं कि भविष्य में किसी भी निर्माण कार्य की शुरुआत बैरिकेडिंग और सभी आवश्यक सुरक्षा उपायों के बिना न की जाए। निर्देशों की अनदेखी करने पर संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)

इसे भी पढे ----

वोट जरूर करें

क्या आपको लगता है कि बॉलीवुड ड्रग्स केस में और भी कई बड़े सितारों के नाम सामने आएंगे?

View Results

Loading ...

आज का राशिफल देखें