ग्रेटर नोएडा, 8 अगस्त। इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में आयोजित इंडिया इंटरनेशनल हॉस्पिटैलिटी एक्सपो (IHE) 2026 के नौवें संस्करण का शनिवार को भव्य समापन हुआ। चार दिवसीय एक्सपो में 40 हजार से अधिक ट्रेड विजिटर्स पहुंचे, जबकि एक हजार से अधिक प्रदर्शक ब्रांड्स ने 10 हजार वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र में हॉस्पिटैलिटी, HORECA और फूडसर्विस से जुड़े उत्पादों एवं आधुनिक समाधानों का प्रदर्शन किया।
एक्सपो का आयोजन इंडिया एक्सपोजिशन मार्ट लिमिटेड (IEML) की ओर से किया गया। इसमें होटल मालिकों एवं ऑपरेटर्स, प्रोक्योरमेंट प्रमुखों, शेफ, रेस्टोरेंट संचालकों, आर्किटेक्ट्स, इंटीरियर डिजाइनर्स, कंसल्टेंट्स, टेक्नोलॉजी प्रोवाइडर्स और फूडसर्विस प्रोफेशनल्स समेत हॉस्पिटैलिटी उद्योग से जुड़े बड़ी संख्या में निर्णयकर्ताओं ने हिस्सा लिया। चार दिनों के दौरान एक्सपो में B2B मीटिंग, नेटवर्किंग, उत्पादों की जानकारी, सोर्सिंग और कारोबारी साझेदारियों को लेकर व्यापक संवाद देखने को मिला।
IEML के चेयरमैन डॉ. राकेश कुमार ने IHE 2026 की सफलता पर उद्योग जगत के प्रति आभार जताते हुए कहा कि यह आयोजन हॉस्पिटैलिटी उद्योग की ऊर्जा, उद्यमशीलता और भविष्य के प्रति सामूहिक दृष्टिकोण का प्रदर्शन रहा। उन्होंने कहा कि प्रदर्शकों, खरीदारों, साझेदारों, उद्योग संघों, शेफ, डिजाइनरों, प्रोक्योरमेंट प्रोफेशनल्स और विजिटर्स की मजबूत भागीदारी ने IHE को उद्योग के भरोसेमंद मंच के रूप में स्थापित किया है।
हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र की बदलती जरूरतों को मिला मंच
भारत में पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र के तेजी से विस्तार के बीच IHE 2026 को उद्योग की बदलती जरूरतों के लिए महत्वपूर्ण मंच के रूप में देखा गया। एक्सपो में होटल सप्लाइज, हॉस्पिटैलिटी इंफ्रास्ट्रक्चर, कमर्शियल किचन, फूडसर्विस इक्विपमेंट, बेकरी एवं कन्फेक्शनरी, स्मार्ट हॉस्पिटैलिटी टेक्नोलॉजी, इंटीरियर, वेलनेस, हाउसकीपिंग, सिक्योरिटी, लाइटिंग, फर्निशिंग और डिजाइन से जुड़े उत्पाद एवं समाधान प्रदर्शित किए गए।
FCML Distributors Ltd. के चेयरमैन निर्मल खंडेलवाल ने कहा कि आज हॉस्पिटैलिटी स्पेस केवल खूबसूरती से नहीं बल्कि बेहतर अनुभवों से भी परिभाषित होते हैं। IHE ऐसा मंच बनकर उभरा है, जहां प्रोफेशनल्स उत्पादों के साथ-साथ ऐसे एकीकृत समाधान तलाश रहे हैं, जिनमें कार्यक्षमता, डिजाइन और कारोबारी मूल्य का संतुलन हो।


PPFI B2B मीट ने बढ़ाया कारोबारी संवाद
एक्सपो में आयोजित PPFI B2B Meets ने प्रोक्योरमेंट प्रोफेशनल्स और समाधान प्रदाताओं के बीच सीधे कारोबारी संवाद को मजबूत किया। Purchasing Professional Forum India के अध्यक्ष अमरजीत सिंह आहूजा ने कहा कि आधुनिक प्रोक्योरमेंट अब केवल लेन-देन तक सीमित नहीं है, बल्कि इनोवेशन, स्थायित्व और भरोसेमंद साझेदारियों के जरिए दीर्घकालिक मूल्य तैयार करने का माध्यम बन गया है।
देश-विदेश के दिग्गजों ने की शिरकत
IHE 2026 में भारत के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय हॉस्पिटैलिटी और व्यापार जगत के प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया। कार्यक्रम में थाईलैंड के प्रधानमंत्री कार्यालय से संबद्ध मंत्री एच.ई. नापिनथॉर्न श्रीसुनपांग, वियतनाम दूतावास के ट्रेड काउंसलर बुई ट्रुंग थुओंग, IEML के चेयरमैन डॉ. राकेश कुमार, EPCH के चेयरमैन डॉ. नीरज खन्ना, PPFI अध्यक्ष अमरजीत सिंह आहूजा, Spiritz की संपादक शालिनी कुमार, HOTREMAI के अध्यक्ष अनिल मल्होत्रा, Indeva Hotels & Resorts के COO बरुण गुप्ता, IWIA के संस्थापक एवं चेयरमैन नीरज धवन, IIID के चेयरमैन हेमंत सूद और IEML के ED एवं CEO सुदीप सरकार समेत कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।
ODOC पवेलियन बना आकर्षण का केंद्र
IHE 2026 में उत्तर प्रदेश सरकार के सहयोग से स्थापित One District One Cuisine (ODOC) पवेलियन खास आकर्षण का केंद्र रहा। यहां उत्तर प्रदेश की समृद्ध पाक परंपरा और हॉस्पिटैलिटी उद्योग के बीच बेहतर जुड़ाव देखने को मिला। विजिटर्स को कन्नौज के गट्टे, कुशीनगर का लाल खोरमा, फिरोजाबाद की दालमोट और आगरा के पेठे समेत प्रदेश के विभिन्न जिलों के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद लेने का अवसर मिला।







