ग्रेटर नोएडा। करप्शन फ्री इंडिया संगठन ने गौतमबुद्ध नगर के विभिन्न सरकारी विभागों में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ “अगस्त क्रांति अभियान” शुरू करने की घोषणा की है। संगठन ने बुधवार को ग्रेटर नोएडा प्रेस क्लब और ग्रेटर नोएडा जर्नलिस्ट प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि अभियान का पहला चरण 7 अगस्त से जिला मुख्यालय सूरजपुर पर आंदोलन के साथ शुरू होगा।

संगठन के संस्थापक चौधरी प्रवीण भारतीय और आलोक नागर ने प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि भूजल विभाग, खाद्य विभाग, शिक्षा विभाग, चिकित्सा विभाग, परिवहन विभाग, तीनों प्राधिकरणों तथा तीनों तहसीलों में आम नागरिकों को अपने कार्यों के लिए लंबे समय तक चक्कर लगाने पड़ते हैं। उनका कहना था कि कई स्थानों पर लोगों से कथित रूप से सुविधा शुल्क की मांग की जाती है, जिससे किसान, मजदूर और आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य सरकारी विभागों में पारदर्शिता, जवाबदेही और भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था सुनिश्चित कराने के लिए जनजागरण करना है। संगठन का कहना है कि अगस्त क्रांति आंदोलन की ऐतिहासिक प्रेरणा से भ्रष्टाचार के खिलाफ व्यापक जनआंदोलन खड़ा किया जाएगा।
संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि 7 अगस्त को जिला मुख्यालय सूरजपुर में होने वाले पहले चरण के आंदोलन के माध्यम से प्रशासन का ध्यान विभिन्न विभागों में आम जनता की समस्याओं और कथित भ्रष्टाचार की ओर आकर्षित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से पूरे जिले में विस्तार दिया जाएगा।
प्रेस वार्ता में मुख्य संरक्षक डॉ. शीतल प्रसाद, मास्टर दिनेश नागर, बलराज हूण, मुकेश कसाना, चौधरी प्रेमराज भाटी, शिव कुमार कसाना, ब्रह्मपाल सिंह कपासिया, गौरव भाटी सहित संगठन के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।







