ग्रेटर नोएडा। खेल प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण द्वारा सेक्टर-37 स्थित खेल मैदान में हॉकी सिंथेटिक कोर्ट का निर्माण कराया जा रहा है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना का शिलान्यास रविवार को जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह द्वारा विधिवत रूप से किया गया 
शिलान्यास कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, खेल प्रेमी एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस हॉकी सिंथेटिक कोर्ट की मांग लंबे समय से क्षेत्र के नागरिकों द्वारा की जा रही थी। इस मांग को प्रमुखता से उठाने में एक्टिव सिटीजन टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कार्यक्रम के दौरान एक्टिव सिटीजन टीम के अध्यक्ष सरदार मनजीत सिंह, मनोज गर्ग, हरिंदर भाटी सहित विभिन्न सेक्टरों के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष एवं उनकी पूरी टीम के सदस्य मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने हॉकी सिंथेटिक कोर्ट निर्माण की पहल का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के खिलाड़ियों के लिए एक बड़ी सौगात बताया।

इस अवसर पर विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार और प्राधिकरण खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। आधुनिक सुविधाओं से युक्त इस हॉकी सिंथेटिक कोर्ट के निर्माण से क्षेत्र के खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण की सुविधा मिलेगी और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने के अवसर प्राप्त होंगे।

स्थानीय नागरिकों एवं आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और विधायक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस परियोजना से क्षेत्र में खेल गतिविधियों को नया आयाम मिलेगा तथा युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहन मिलेगा।







