ग्रेटर नोएडा। भारत विकास परिषद की जानकी वल्लभ शाखा की ओर से यू-टर्न रेस्टोरेंट के सभागार में हरियाली तीज उत्सव धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में सज-धजकर भारतीय संस्कृति और तीज पर्व की खूबसूरत झलक प्रस्तुत की। इस दौरान विभिन्न मनोरंजक खेल, तंबोला, नृत्य, गायन और रैंप वॉक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि दलवीर जी एवं सुनीता जी द्वारा दीप प्रज्वलन और मां भारती की वंदना के साथ किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित बंधुओं एवं मातृशक्ति का चंदन टीका लगाकर तथा महिलाओं को हरी चूड़ियां भेंट कर स्वागत किया गया। वरिष्ठ मार्गदर्शकों और अतिथियों को दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विवेकानंद एवं एकलव्य शाखा के वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
रैंप वॉक प्रतियोगिता में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में ईशा राणा फर्स्ट रनरअप और सोनल सेकंड रनरअप रहीं, जबकि मिस तीज का खिताब अपूर्वा जी ने अपने नाम किया। विजेताओं को शानदार प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
हरियाली तीज उत्सव के दौरान आयोजित विभिन्न खेलों, नृत्य, गायन और तंबोला का सदस्यों ने जमकर आनंद लिया। पवन जी द्वारा प्रस्तुत स्वरचित कविता ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह, उमंग और भारतीय परंपरा का सुंदर संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम अनिल तायल जी के संरक्षण, अनुपमा पुंडीर जी की अध्यक्षता और अंजू गुप्ता जी के प्रभावी मंच संचालन में संपन्न हुआ। आयोजन को सफल बनाने में शाखा कार्यकारिणी की टीम—प्रमोद वर्मा, पवन मित्तल, अंशुमा सिंह, कृष्णा शर्मा, नीतू सिंह, रेनू ठाकुर, निम्मी मित्तल, हेमलता मित्तल, मधु चौहान एवं ईशा राणा सहित शाखा के सभी सदस्यों का विशेष सहयोग रहा।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर शाखा अध्यक्ष अनुपमा पुंडीर ने सभी सदस्यों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं को जीवंत रखने के साथ-साथ समाज में आपसी प्रेम, सौहार्द और एकजुटता को मजबूत करने का माध्यम हैं।











