ग्रेटर नोएडा:विश्व की पहली प्रोफेशनल-अमेच्योर (प्रो-एम) क्रिकेट लीग बिग क्रिकेट लीग (बीसीएल) के दूसरे सीजन का मंगलवार को ग्रेटर नोएडा स्थित होटल एक्सपो इन में आयोजित भव्य प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान औपचारिक शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर लीग के आयोजकों एवं अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट सितारों ने आगामी सत्र की तैयारियों और लीग के उद्देश्यों की जानकारी साझा की।
प्रेस वार्ता में बिग क्रिकेट लीग के संस्थापक एवं अध्यक्ष आर.पी. सिंह, सह-संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी अनिरुद्ध चौहान, मुंबई मरीन्स के कप्तान एवं न्यूज़ीलैंड के पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर रॉस टेलर, अफगानिस्तान के पूर्व कप्तान एवं लीग एम्बेसडर असगर अफगान, मनन शर्मा तथा लीग के मुख्य संरक्षक पुनीत सिंह उपस्थित रहे।
बिग क्रिकेट लीग सीजन-2 का आयोजन 3 जून 2026 से ग्रेटर नोएडा स्थित शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में किया जाएगा। प्रतियोगिता में छह टीमें—नॉर्दर्न चैलेंजर्स, मुंबई मरीन्स, एमपी टाइगर्स, यूपी ब्रिज स्टार्स, सदर्न स्पार्टन्स और गुजरात डायमंड्स—खिताब के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी।
टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला 3 जून को शाम 7 बजे मुंबई मरीन्स और यूपी ब्रिज स्टार्स के बीच खेला जाएगा। 4 जून से 11 जून तक प्रतिदिन दो मुकाबले दोपहर 2 बजे और शाम 7 बजे आयोजित किए जाएंगे। प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबले 12 जून को तथा फाइनल मैच 13 जून को शाम 7 बजे खेला जाएगा।
आयोजकों ने घोषणा की कि क्रिकेट प्रेमियों के लिए सभी मैचों में प्रवेश पूर्णतः निःशुल्क रहेगा। दर्शक शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के गेट नंबर-1 से प्रवेश कर मैचों का आनंद ले सकेंगे।
इस अवसर पर बिग क्रिकेट लीग के मुख्य संरक्षक पुनीत सिंह ने कहा कि पहले सीजन की सफलता ने यह साबित कर दिया है कि क्रिकेट प्रतिभाएं केवल पारंपरिक मंचों तक सीमित नहीं हैं। बिग क्रिकेट लीग का उद्देश्य युवा और उभरते खिलाड़ियों को अनुभवी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के साथ खेलने का अवसर प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि सीजन-2 पहले से अधिक बड़ा, प्रतिस्पर्धी और रोमांचक होने जा रहा है।
बिग क्रिकेट लीग के संस्थापक एवं अध्यक्ष आर.पी. सिंह ने कहा कि यह केवल एक टूर्नामेंट नहीं, बल्कि शौकिया और पेशेवर क्रिकेट के बीच की दूरी को कम करने वाला एक सशक्त मंच है। खिलाड़ियों, दर्शकों और क्रिकेट जगत से मिले शानदार समर्थन के बाद इस बार लीग को और अधिक व्यापक रूप दिया गया है।
अफगानिस्तान के पूर्व कप्तान एवं लीग एम्बेसडर असगर अफगान ने कहा कि प्रो-एम प्रारूप ही इस लीग की सबसे बड़ी विशेषता है। इससे युवा खिलाड़ियों को अनुभवी क्रिकेटरों के साथ खेलते हुए सीखने और अपने खेल को निखारने का अवसर मिलता है।
वहीं लीग के सह-संस्थापक एवं सीईओ अनिरुद्ध चौहान ने कहा कि क्रिकेट को आम दर्शकों तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। यही कारण है कि सभी मैचों में दर्शकों के लिए निःशुल्क प्रवेश की व्यवस्था की गई है, जिससे परिवार, छात्र, युवा खिलाड़ी और खेल प्रेमी पेशेवर क्रिकेट का रोमांच करीब से महसूस कर सकें।

बिग क्रिकेट लीग का दूसरा संस्करण एक बार फिर पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों और प्रतिभाशाली युवा क्रिकेटरों को एक मंच पर लाएगा। लीग का उद्देश्य जमीनी स्तर की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाना, उन्हें अवसर प्रदान करना और भारतीय क्रिकेट के भविष्य को मजबूत करना है।







